जैसा कि बाइबल हम से कहती है, “स्वर्गीय वस्तुओं की खोज में रहो”(कुल 3:1), हमारे सभी भाई-बहन इस पृथ्वी की बातों से अधिक परमेश्वर की बातों पर अपना मन लगा रहे हैं। कठिनाइयों को कठिनाई न समझते हुए उनका सामना करने और केवल पिता पर निर्भर होकर सुसमाचार के कार्य को पूरा करने के लिए स्वयं को समर्पित करने की शक्ति, उद्धार के मूल्य और स्वर्ग के राज्य के मूल्य को जानने से आती है। इस पृथ्वी की वस्तुएं केवल थोड़े समय के लिए रहती हैं और फिर मिट जाती हैं। लेकिन परमेश्वर पर विश्वास करने से प्राप्त होने वाला अनन्त जीवन और स्वर्ग का राज्य सदा बने रहते हैं। इसीलिए हम स्वर्गीय वस्तुओं की खोज करते हैं और उन्हीं पर अपना मन लगाते हैं।
फसह के दिन यीशु मसीह ने अपने चेलों को रोटी देकर कहा, “यह मेरी देह है,” और उन्हें दाखमधु देकर कहा, “यह वाचा का मेरा लहू है”(मत 26:17–28)। उन्होंने यह भी सिखाया कि जो उनका मांस खाता और उनका लहू पीता है, अनन्त जीवन उसी का है(यूह 6:53–57)। इन वचनों के द्वारा, हम ने अनन्त जीवन प्राप्त किया है। केवल वे ही, जो फसह के द्वारा अमर परमेश्वर का मांस खाते और उनका लहू पीते हैं, जीवन पाते हैं और सदा जीवित रहेंगे। यीशु ने हमें सिखाया कि हम अपने सारे मन, सारे प्राण, सारी शक्ति और सारी बुद्धि से परमेश्वर से प्रेम करें और अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम करें। उन्होंने कहा, “यही कर, तो तू जीवित रहेगा”(लूक 10:27–28), और फिर दयालु सामरी का दृष्टांत सुनाया। एक मनुष्य डाकुओं के हाथों में पड़ गया और वे उसे अधमरा छोड़कर चले गए। एक याजक ने उसे देखा, परन्तु कतराकर चला गया। इसी रीति से एक लेवी भी उसे देखकर कतराकर चला गया। परन्तु एक दयालु सामरी ने उसे देखकर तरस खाया और उस पर दया की। इस दृष्टांत के द्वारा यीशु ने सिखाया कि अपने पड़ोसी से प्रेम करने का अर्थ उन आत्माओं को बचाना है जो डाकुओं के हाथों में पड़कर मर रही हैं। और उन्होंने कहा, “जा, तू भी ऐसा ही कर”(लूक 10:37)।
संसार में अभी भी बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्होंने नई वाचा के फसह की मुहर नहीं पाई है और जीवन नहीं पाया है। आज, बहुत से लोग चरम मौसम, भूकंप, युद्ध, आतंकवाद, रोगों और दुर्घटनाओं जैसी जानलेवा आपदाओं का सामना कर रहे हैं, जो डाकुओं की तरह उन पर आ पड़ती हैं। यहां-वहां लोग मर रहे हैं। आइए हम शीघ्र उन्हें नई वाचा के फसह का प्रचार करें और उन्हें बचाएं। क्या जो लोग मरते हुए लोगों पर दया करते हैं, वे परमेश्वर की संतान नहीं हैं? उन्हें प्रचार न करना उस व्यक्ति को देखकर, जो डाकुओं के हाथों में पड़कर मर रहा है, कतराकर चले जाने से अलग नहीं है। मरते हुए मनुष्य को बचाने वाला दयालु सामरी स्वर्गीय वस्तुओं की खोज करने वाला व्यक्ति है।
बाइबल कहती है कि हमारा जीवन “भाप के समान है जो थोड़ी देर दिखाई देती है और फिर लोप हो जाती है” और हम इस पृथ्वी पर परदेशी और बाहरी हैं(याक 4:14; 2पत 2:17; इब्र 11:13–16)। हमारे सच्चे स्वदेश, स्वर्ग के राज्य में न कोई दुःख या चिंता होगी, न मृत्यु और न कोई पीड़ा होगी(प्रक 21:3–4)। पिता ने प्रतिज्ञा की है कि अनन्त महिमा के राज्य, स्वर्ग के राज्य में हम राजकीय याजक बनकर युगानुयुग राज्य करेंगे(प्रक 22:5)। वह अब हमारे लिए स्वर्ग के राज्य की विरासत तैयार कर रहे हैं, जहां शोक और कराहना दूर हो जाएंगे। वह स्थान इतना सुंदर है कि इस पृथ्वी पर रहते हुए हम उसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। जैसा बाइबल कहती है, “जो किसी आंख ने नहीं देखा, किसी कान ने नहीं सुना और जो मनुष्य के चित में नहीं चढ़ा,” वही परमेश्वर ने अपने प्रेम रखने वालों के लिए तैयार किया है(1कुर 2:9)।
स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करने के लिए हमें मसीह को ढूंढ़ना चाहिए जो अनन्त जीवन का खजाना हैं(कुल 1:26–27; 2:2–3; 1यूह 2:25)। हमने अनन्त जीवन का खजाना पा लिया है। पिता नए नाम से आए और हमें अनन्त जीवन का फल दिया। उन्होंने हमें यह मिशन भी सौंपा कि हम केवल स्वयं ही उद्धार न पाएं, बल्कि सभी जातियों के पास जाकर उन्हें उन सभी आज्ञाओं का पालन करना सिखाएं जो उन्होंने हमें दी हैं, और सामरिया में तथा पृथ्वी की छोर तक उनके गवाह बनें। आइए हम अनन्त जीवन के इस खजाने को अपने पड़ोसियों तक लगन से पहुंचाएं। अभूतपूर्व विपत्ति आने से पहले, आइए हम उन्हें शीघ्र जीवन का मार्ग दिखाएं(यहेज 7:5–7; यश 24:1–5)।
बहुत से नबियों ने उद्धार के मूल्य को समझा और पूरे मन और समर्पण से परमेश्वर पर विश्वास किया, और अब वे स्वर्ग के राज्य में हैं। मूसा को पाप में थोड़े दिन के सुख भोगने से परमेश्वर के लोगों के साथ दुःख भोगना अधिक उत्तम लगा। उसने मसीह के कारण निन्दित होने को मिस्र के भण्डार से बड़ा धन समझा(इब्र 11:24–26)। प्रेरित पौलुस ने भी उद्धार के मूल्य को समझा, इसलिए सुसमाचार का प्रचार करने के लिए उसने अपने प्राण को कुछ नहीं समझा(प्रे 20:23–24)। उसने दृढ़ निश्चय किया था कि वह स्वर्ग की बातों के लिए बोएगा। बहुत से दुःखों से गुजरने के बावजूद वह जानता था कि इस समय के दुःख और क्लेश उस महिमा के सामने, जो हम पर प्रगट होने वाली है, कुछ भी नहीं हैं(गल 6:7–8; रो 8:16–18)। यदि हम स्वर्ग की बातों के लिए बोएं, तो अनन्त जीवन की कटनी काटेंगे, और जब हम अनन्त स्वर्ग के राज्य में प्रवेश करेंगे, तब महिमा की कटनी भी काटेंगे। आइए हम स्वर्ग की बातों और उस महिमा के लिए जीवन जिएं, जिसका आनंद हम स्वर्ग में लेंगे। आइए हम नई वाचा के फसह का, जिसके द्वारा हम अनन्त जीवन प्राप्त करते हैं, और पिता आन सांग होंग के नाम का लगन से प्रचार करें और बहुत-सी आत्माओं को धार्मिकता की ओर ले जाएं। मैं आशा करती हूं कि आप सभी के नाम स्वर्ग में सदा के लिए चमकते रहें।